रिपोर्ट : दिनेश कुमार
बेतिया। नोट्रेडम पब्लिक स्कूल के प्रांगण में विद्यार्थियों की ओर से विज्ञान, शिल्प एवं कला पर आधारित आकर्षक प्रदर्शनी का आयोजन शनिवार को किया गया।प्रदर्शनी का उद्घाटन बतौर मुख्य अतिथि नगर निगम की महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने फीता काटकर किया। उद्घाटन के बाद मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित भी किया। इसके तत्पश्चात् उन्होंने बच्चों की प्रदर्शनी का देर तक अवलोकन किया। इस मौके पर महापौर श्रीमती सिकारिया ने कहा कि विज्ञान, शिल्प एवं कला पर आधारित ऐसे प्रायोगिक आयोजनों से प्रतिभागियों में संचित ज्ञान और विज्ञान का विकास होता है। आज की प्रदर्शनी को देखकर लगता है कि इस विद्यालय के विद्यार्थी हमारे होनहार बच्चे हैं। इनमें प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। ऐसे आयोजनों में आगंतुकों के बीच अपनी बात रखने से बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ने के साथ उनकी झिझक दूर होती है। समारोह की अध्यक्षता कर रहे स्कूल के निदेशक डॉ. मोहनीश कुमार सिन्हा ने कहा कि मैडम गरिमा देवी सिकारिया के व्यक्तित्व पर बेतिया ही नहीं पूरे चंपारण को गर्व है। हमारा यह शैक्षणिक संस्थान अपने विद्यार्थियों को ज्ञान विज्ञान में सक्षम बनाने के साथ देश का जिम्मेदार नागरिक बनाने का पाठ पढ़ाता है। इस मौके पर प्रतिभागियों को रिटायर सिविल सर्जन डॉ अरुण कुमार सिन्हा व डॉ अनुराधा खेमका ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन प्राचार्य के एम मिश्रा ने किया।