पुपरी (सीतामढ़ी)। जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने कहा कि कितने लोगों ने अपने बच्चों के चेहरे को देखकर वोट दिया। अगर नहीं तो सुधार कैसे होगा। यही आपकी दुर्दशा का कारण है। वोट अपने बच्चों के भविष्य, शिक्षा व रोज़गार को देखकर दें।
प्रशांत किशोर ने शुक्रवार को 11.8 किलोमीटर तक की पदयात्रा की। इस दौरान वे संत ज़ेवियर स्कूल कदम चौक से यात्रा शुरू कर पुपरी नगर पंचायत के विभिन्न मोहल्लों से गुजरते हुए कार्पूरी चौक पहुंचे, जहां कार्पूरी ठाकुर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद सिंगयाही, केसोपुर पुरा, कुसैल, जलालपुर बंगरी, बिहठा होते हुए चरौत प्रखंड के बरीबैठा गाँव से होते हुए राजनंदन ठाकुर हाई स्कूल तक पहुँची।
जेडीयू नेता जमालुद्दीन दानिश, जकाउल्ला जाकी सहित अन्य जन सुराज में हुए शामिल
पुपरी: संत जेवियर स्कूल पुपरी में शुक्रवार को जेडीयू के जिला सचिव जमालुद्दीन दानिश सहित अन्य जन सुराज में शामिल हुए। वर्तमान में ये मुखिया हैं, वहीं 2011 से 2016 तक भी मुखिया थे। तीन बार जेडीयू के प्रखंड अध्यक्ष रहे, मुखिया संघ के प्रभारी भी रहे थे। इनके अलावा आवापुर दक्षिणि के जकाउल्ला जाकी भी जन सुराज से जुड़े। ये वर्तमान में पुपरी के मुखिया संघ के अध्यक्ष सह ज़िला महासचिव हैं। पूर्व में जेडीयू के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष रह चुके हैं। वहीं आभापुर उत्तरी वर्तमान पैक्स अध्यक्ष व लोजपा के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष इंतज़ार आलम ने भी जन सुराज की सदस्यता ली। इसके अलावा गंगटी पंचायत के मुज़फ़्फ़र हुसैन जो वर्तमान में मुखिया प्रतिनिधि हैं ये भी जन सुराज से जुड़े।